आख़िर क्या मतलब है आज़ादी का ?


आख़िर क्या है आज़ादी का मतलब?

हर साल पंद्रह अगस्त की सुबह सूरज कुछ अलग चमक लेकर आता है... आसमान पर तिरंगे की लहराती परछाईं, स्कूल-कॉलेजों में बच्चों की कतार, गूँजता राष्ट्रगान, और फिर अंत में मुँह में घुलती गरमागरम जलेबी... बस, हममें से बहुतों के लिए यहीं खत्म हो जाता है "आज़ादी दिवस" का मायना—एक वार्षिक उत्सव, जो अगले दिन अख़बार के कोनों में तस्वीर बनकर रह जाता है..

लेकिन, क्या आज़ादी का मतलब सिर्फ इतना भर है?

हम भूल जाते हैं कि यह आज़ादी हमें किसी मेले में बाँटी जाने वाली मिठाई की तरह "खैरात" में नहीं मिली...इसके पीछे अनगिनत शहीदों की कुर्बानी है—जेल की कोठरियों में गूँजते इंकलाब के नारे, फाँसी के तख़्त पर मुस्कुराता चेहरा, गोली के सामने सीना तानकर खड़ा किसान, और वो माँ जो अपने बेटे की शहादत पर गर्व के आँसू बहाती है। यह दिन सिर्फ खुशी का नहीं, बल्कि उस गहरे एहसास का दिन है कि हमारी साँसों में जो आज़ादी का स्वाद है, वह रक्त से सींची गई है...

कई लोग इसे केवल "विदेशी शासन से मुक्ति" के रूप में समझते हैं, लेकिन अगर हम ईमानदारी से देखें, तो आज़ादी का असली अर्थ है—स्वयं के निर्णय लेने का अधिकार और उस निर्णय के परिणाम की ज़िम्मेदारी लेने का साहस...
आज़ादी केवल बाहर के बंधनों से मुक्त होना नहीं, बल्कि भीतर के भय, संदेह और संकीर्णताओं से निकलना है। अगर देश बाहरी आक्रमण से तो सुरक्षित है, पर भीतर जाति-धर्म के नाम पर फूट पड़ी है, तो क्या हम सचमुच आज़ाद हैं? बाहरी सुरक्षा तभी सार्थक है, जब भीतर सौहार्द्रता, एक-दूसरे के लिए सम्मान और भरोसा हो।

बाहरी स्वतंत्रता के साथ-साथ, भीतर की गुलामी भी उतनी ही बड़ी चुनौती है। आध्यात्मिकता हमें बताती है कि सबसे गहरा बंधन अहंकार का है। यह "मैं" ही है जो हमें अपने से, दूसरों से और प्रकृति से अलग कर देता है। जब तक हम इस अहंकार की दीवार नहीं गिराते, तब तक सच्ची मुक्ति संभव नहीं...
गाँधी जी कहते थे—"स्वराज" केवल शासन बदलने से नहीं, आत्म-शासन से आता है। और आत्म-शासन तब आता है, जब हम आसक्ति की जंजीरों को पहचानकर तोड़ते हैं—वो आसक्ति जो रिश्तों को स्वामित्व में बदल देती है, वस्तुओं को जरूरत से लालच तक खींच ले जाती है, और मन को शांत झील की जगह अशांत समुद्र बना देती है...

लैंगिक समानता के बिना आज़ादी अधूरी...

एक समाज तभी सचमुच स्वतंत्र कहलाता है, जब उसकी आधी आबादी किसी भी रूप में बंधन में न हो। आज़ादी का अर्थ है कि स्त्री अपने सपनों को उड़ान दे सके, बिना डर, बिना भेदभाव के...
आज भी अगर बेटियाँ घर से बाहर निकलते समय सोचें कि "कहाँ जा रही हैं, कौन क्या कहेगा—तो हमें समझ लेना चाहिए कि आज़ादी का सपना अभी अधूरा है...

पर्यावरण—हमारी साँसों की आज़ादी

आज़ादी का एक और पहलू है—प्रकृति के साथ संतुलन। अगर हवा जहरीली है, नदियाँ बीमार हैं, जंगल उजड़ रहे हैं, तो हम सांस लेने की आज़ादी भी खो रहे हैं।
शहीदों ने हमें गुलामी से मुक्त कराया, लेकिन अगर हम प्रकृति को गुलाम बनाते गए, तो यह धरती एक कारागार में बदल जाएगी। असली आज़ादी वही है, जहाँ विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के साथ चलें, न कि एक-दूसरे के खिलाफ....

जीवन मुक्ति—आज़ादी का परम रूप...

आज़ादी का सर्वोच्च स्वरूप है—जीवन मुक्ति...
 यह तब आती है, जब हम बाहरी और भीतरी, दोनों प्रकार के बंधनों से मुक्त हो जाते हैं... इसका मतलब यह नहीं कि हम दुनिया छोड़ दें, बल्कि दुनिया में रहते हुए उस पर निर्भरता, स्वामित्व और आसक्ति का त्याग कर दें..
जब हम अहंकार के बोझ को उतार देते हैं, अपेक्षाओं की जंजीरें तोड़ देते हैं, और हर पल को कृतज्ञता के साथ जीते हैं—तब हम सचमुच "मुक्त" हो जाते हैं। यही वह अवस्था है, जहाँ स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि आंतरिक शांति और करुणा में बदल जाती है....

पंद्रह अगस्त का दिन हमें सिर्फ झंडा फहराने और मिठाई बाँटने की रस्म तक सीमित नहीं रखना चाहिए। यह दिन हमें याद दिलाए कि हमें मिली यह स्वतंत्रता एक निरंतर ज़िम्मेदारी है—देश के लिए, समाज के लिए, अपने भीतर के लिए...
हम शहीदों के सपनों को तभी सच कर सकते हैं, जब बाहर की सीमाओं के साथ-साथ भीतर की सीमाओं को भी तोड़ें...
आज़ादी का असली स्वाद तब आता है, जब हमारा मन निर्मल हो, दिल में भेदभाव न हो, और अहम आसक्ति से मुक्त हो—ताकि हम न केवल स्वतंत्र नागरिक बनें, बल्कि स्वतंत्र मानव भी...

प्रभाकर कुमार 'माचवे'



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

KBC की यह घटना बहुत कुछ कहती है...

नेपाल में हुए विद्रोह का पूरा सच

घूंघट में खान सर की दुल्हनियाँ...