50% का टैरिफ... भारत के लिए आपदा में अवसर...
यह वही भारत है, जिसने स्पष्ट शब्दों में कह दिया – "हम रूस से तेल का आयात करते रहेंगे। हमारी नीति हमारी है, और ये 140 करोड़ लोगों के हित मे है"
और यह घोषणा केवल रूस से संबंध निभाने की बात नहीं है, यह उस ‘नई भारत’ की हुंकार है जो न तो दबाव में झुकता है, न दंड से डरता है....
अमेरिका का टैरिफ वार – उसके के लिए खतरा
इतिहास गवाह है कि जब-जब अमेरिका ने टैरिफ का हथियार उठाया है, उसने दूसरों से ज्यादा खुद को नुकसान पहुंचाया है। ट्रम्प के कार्यकाल में भी अमेरिका ने यही किया, और वैश्विक व्यापार में उसकी साख डगमगाने लगी। अमेरिका की यह नीति – “हर देश मेरे दरवाज़े पर झुके” – अब अस्वीकार्य हो चुकी है।
यह 21वीं सदी है, और भारत जैसे राष्ट्र अब केवल सुनने नहीं, उत्तर देने लगे हैं। आज जब भारत ने दो टूक कहा कि हम रूस से सस्ते तेल लेंगे, तो वह न सिर्फ अपने हित की रक्षा कर रहा था, बल्कि दुनिया को बता रहा था कि भारत अब नीतिगत रूप से सम्प्रभु राष्ट्र है।
भारत की ताकत: निर्यात नहीं, 140 करोड़ की खपत....
जो लोग यह सोच रहे हैं कि अमेरिका के टैरिफ से भारत को बड़ा नुकसान होगा, उन्हें अर्थव्यवस्था की आत्मा को समझना होगा। भारत की शक्ति, अमेरिका को किए गए निर्यात में नहीं, अपने 140 करोड़ नागरिकों की खपत में है।
भारत एक ऐसा राष्ट्र है जहां रोज़ नए ग्राहक जन्म लेते हैं – यह दुनिया का सबसे बड़ा ‘उपभोक्ता लोकतंत्र’ है।
McKinsey की रिपोर्ट बताती है कि 2030 तक भारत की मिडिल क्लास जनसंख्या 60 करोड़ से ऊपर हो जाएगी। क्या अमेरिका भारत के बाज़ार को लंबे समय तक नजरअंदाज़ कर सकता है? शायद नहीं....
स्वदेशीकरण: अब विकल्प नहीं, भविष्य है....
इस टैरिफ को मैं आपदा नहीं, अवसर मानता हूँ । जब बाहर के दरवाज़े बंद होते हैं, तब राष्ट्र अपने भीतर के द्वार खोलता है।
- चीन को छोड़ दुनिया नई मैन्युफैक्चरिंग शक्ति की तलाश में है।
- वियतनाम, बांग्लादेश की तरह अब भारत को उद्योगों का गंतव्य बनना है।
- भारत की नीतियां – P.L.I. स्कीम, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया – पहले से ही तैयार हैं।
आज भारत AI, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, स्पेस टेक्नोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में तेजी से उभर रहा है।
भारत के पास विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी है – Demographic Dividend। यही युवा आने वाले दशक में भारत को शोध, नवाचार और तकनीक में दुनिया की शीर्ष पंक्ति में खड़ा करेगा।
जब-जब अमेरिका ने चौधरी बनने की कोशिश की...
अमेरिका की यह आदत पुरानी है – दूसरे घरों में घुसकर चौधरी बनना। इराक, अफगानिस्तान, लीबिया... हर जगह उसकी नीतियों ने विनाश के बीज बोए। अब वही शैली वह व्यापार और कूटनीति में भी आजमा रहा है। लेकिन यह भारत है – न तानाशाही से डरता है, न टैरिफ की धमकी से।
भारत की स्पष्टता = सम्प्रभुता की विजय
भारत की विदेश नीति अब ‘न हां में, न ना में’, बल्कि अपने हक में है। रूस से तेल लेना, ईरान से व्यापार करना, अमेरिका के टैरिफ पर जवाबी रणनीति बनाना – यह सब उस ‘नई भारत’ की पहचान है जो झुकता नहीं, सोचता है – और फिर संकल्प करता है।
यह टैरिफ भारत के लिए एक चेतावनी नहीं, बल्कि एक अवसर है – अपने भीतर झांकने का, अपने संसाधनों को पहचानने का, और विश्व मंच पर मजबूती से उभरने का।
" अब वक्त की माँग है...स्वदेशीकरण से सशक्तिकरण का..."
प्रभाकर कुमार 'माचवे'
#tarrifwar #americaindia #50%tarrif #tradewar #swadeshikaran
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें